अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से संजीव राजा ने शुरूआत की और भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए 2017 में शहर विधायक का चुनाव जीता। उनके कार्यकाल के बाद उनकी पत्नी मुक्ता राजा शहर से विधायक चुनी गईं।
हिंदूवादी नेता की छवि रखने वाले अलीगढ़ शहर विधानसभा से विधायक रहे संजीव राजा का देर रात निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा करीब 12 बजे बारहद्वारी स्थित निवास से चंदनिया शवदाह गृह को निकलेगी।
शहर के विधायक संजीव राजा की शनिवार देर रात तबियत खराब हुई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजीव राजा के निधन से भाजपा ही नहीं पूरे अलीगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर संजीव राजा के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदनाएं आने लगीं।
संजीव राजा की अंतिम यात्रा दोपहर 12 बजे उनके निवास बारहद्वारी से महावीरगंज से अब्दुलकरीम चौराहा से फूल चौराहा से बड़ाबाजार से मदारगेट से आर्यसमाज मंदिर से अचल रोड से रामलीला मैदान से दुबे का पड़ाव चौराहा से मीनाक्षी पुल से आभा होटल रामघाट रोड से चंदनिया शवदाहगृह को जाएगी। इधर संजीव राजा की अंतिम यात्रा की तैयारी चल रही थी, उधर उनकी पत्नी और शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें अमृत नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।