दिल्ली के बाद अब आगरा में यमुना का कहर देखने को मिल रहा है। यमुना के बढ़ते जलस्तर की वजह से जहां 40 से अधिक गांव डूब गए हैं, वहीं अब ताजमहल के पीछे की तरफ स्थित महताब बाग में भी पानी भर गया है। महताब बाग को पर्यटकों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं आगरा के 40 गांव और शहर की 12 कालोनियों बाढ़ से प्रभावित हैं। महताब बाग के बगल स्थित ताज व्यू प्वाइंट की सभी कुर्सियां यमुना के पानी में डूब गई हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से ताज व्यू प्वाइंट को भी बंद कर दिया गया है। दोनों स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। ताजमहल के पिछले हिस्से की पूरी दीवार को स्पर्श करते हुए यमुना प्रवाहित हो रही है। मिल रही जानकारी के मुताबिक आगरा के 6 स्मारक में भी पानी भर गया है।