ओजोन सिटी, 8 अक्टूबर 2024 – काया कला केंद्र के कलाकारों द्वारा एस बी इवेंट्स के सहयोग से 8 अक्टूबर को ओजोन सिटी में विश्व प्रसिद्ध लाइट एंड साउंड प्ले “श्री कृष्ण लीला” का भव्य मंचन किया जाएगा। इस नाटक का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक प्रीतम गोठवाल ने किया है, जो भगवान श्री कृष्ण की पवित्र और अद्भुत लीलाओं को दर्शाने के लिए जाना जाता है। आयोजकों ने बताया कि इस भव्य नाटक में भगवान श्री कृष्ण के जन्म से लेकर गीता उपदेश तक की सभी लीलाएं प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें कृष्ण जन्म, वासुदेव द्वारा बाल कृष्ण को यमुना नदी पार कराना, बाल कृष्ण का कालिया नाग पर नृत्य, पूतना वध, गोवर्धन पूजा, राधा और गोपियों के साथ रास लीला, कंस का वध, और कृष्ण-सुदामा मिलन जैसी प्रसिद्ध घटनाएं शामिल होंगी। नाटक का अंतिम हिस्सा कुरुक्षेत्र के युद्ध में अर्जुन को गीता का उपदेश होगा, जिसे कलाकार बहुत सधे हुए ढंग से मंचित करेंगे। इस नाटक की अवधि लगभग दो घंटे तीस मिनट की होगी, जिसमें दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए अद्वितीय नृत्य, प्रकाश और ध्वनि के प्रभावों के साथ संगीत का भी उपयोग किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए एक अद्वितीय अनुभव होगी। इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में राज सक्सेना, अखिल सागर, नीलू दीवान, कल्पना वार्ष्णेय, और दीप्ति वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहीं।