पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा ने नया वर्ष के पहले दिन की सुबह कड़ाके की सर्दी का अहसास कराया। रविवार को भीषण कोहरे व ठंड से जनजीवन प्रभावित दिखा। अधिकतम तापमान में करीब साढ़े पांच डिग्री की कमी आई, हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी हुई। मौसम विभाग ने नए वर्ष के पहले दिन की शुरुआत गलन, ठिठुरन, शीतलहर व कोहरे के साथ होने की संभावना जताई थी। तापमान में ज्यादा उतार चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन धूप में मामूली बढ़ोत्तरी हो सकती है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान साढ़े पांच डिग्री लुढ़ककर 16.8 डिग्री पर आ गया। रविवार को भी तापमान गिरने की संभावना है। एक दिन पहले तक अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री था। वहीं शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक नए वर्ष के पहले ही दिन उत्तर व मध्य भारत के लोगों को भीषण सर्दी देखने को मिलेगी। माना जाता है कि मकर संक्रांति से 15 दिन पूर्व व 25 दिन बाद तक चिल्ला जाड़ा पड़ता है। इस दौरान कड़ाके की सर्दी होती है और गलन व ठिठुरन ज्यादा होती है