अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जलालाबाद का नाम परशुराम पुरी किए जाने की घोषणा पर ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर है। सर्व ब्राह्मण महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव अरविंद पंडित ने बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने लंबे समय से चली आ रही ब्राह्मण समाज की मांग को पूरा किया है। उन्होंने याद दिलाया कि सपा सरकार में अखिलेश यादव के कार्यकाल में इसके लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया था, लेकिन मामला केवल चुनावी घोषणा तक सीमित रह गया था। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के लिए समस्त ब्राह्मण समाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करता है।