अलीगढ़। उद्यान विभाग सभागार में बासमती निर्यात विकास फाउंडेशन की ओर से कीटनाशकों का सुरक्षित व विवेकपूर्ण प्रयोग एवं गुड एग्रीकल्चरल प्रैक्टिसेज विषय पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग के मंडल व जिला स्तरीय अधिकारी, मंडी समिति, उद्यान विभाग, एफपीओ, वैज्ञानिकों व किसानों ने भाग लिया। डॉ. अनंत कुमार (केवीके) ने वैकल्पिक रसायनों की जानकारी दी। संतोष कुमार (ब्रज किसान एफपीओ) ने जैविक विधियों से बीज उपचार व परिपक्वता प्रक्रिया समझाई। आरपी पचौरी (कोमलिका एफपीओ) ने रसायन-मुक्त उत्पादों के निर्यात पर विचार रखे। वैज्ञानिक नेत्रपाल शर्मा (एपीडा) ने बासमती धान की उन्नत प्रजातियों, रोग-कीट नियंत्रण के जैविक उपायों व निर्यात संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। संयुक्त कृषि निदेशक ने किसानों को जैविक व सुरक्षित पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।