अलीगढ़। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विकसित भारत @2047 की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से समर्थ उत्तर प्रदेश विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि इस अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सुझावों के आधार पर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 8 सितंबर को पांच स्थानों पर सुबह 11 बजे से विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें औद्योगिक विकास, कृषि-पशुधन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन, अवसंरचना, नगर एवं ग्राम विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आईटी, उभरती प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और सुशासन जैसे विषयों पर विशेष सत्र होंगे। इस दौरान शिक्षक, व्यापारी, किसान, उद्यमी, श्रमिक संगठन, स्वैच्छिक संगठन, मीडिया, छात्र-छात्राएँ और आम नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव लिए जाएंगे। पीडी डीआरडीए भाल चन्द त्रिपाठी ने बताया कि 9 सितंबर को टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में एनसी उपाध्याय, केडी वर्मा और केडी दीक्षित मुख्य अतिथि होंगे। वहीं धर्म समाज कॉलेज में प्रभात कुमार और उमाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में विचार रखेंगे।