अलीगढ़। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंडल के सभी जिलों में 15 दिवसीय विशेष सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान 25 अगस्त से 14 सितंबर तक चलेगा। मंडलायुक्त ने कहा कि सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में दो पालियों में रोस्टर बनाकर नियमित सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही नागरिकों तक शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 अगस्त तक निकाय और ब्लॉक स्तर पर संपूर्ण कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। अलीगढ़ शहर में अभियान की समीक्षा का दायित्व नगर आयुक्त तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के लिए प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय को सौंपा गया है।