अलीगढ़। नगर निगम अलीगढ़ ने 90 पार्षद वार्डों में ड्रोन आधारित जीआईएस सर्वे शुक्रवार से शुरू कर दिया। इसका शुभारंभ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की मौजूदगी में गांधी पार्क में किया गया। सर्वे एचडीएफसी बैंक के सहयोग से किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने तकनीकी टीम से कहा कि सर्वे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। ड्रोन सर्वे से वार्डों में नगरीय सुविधाओं को प्रभावी बनाने, सड़क, नाली-खरंजा निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी। सर्वे के माध्यम से शहर की संपत्ति/भवनों की ऑथेंटिक जानकारी प्राप्त होगी, जैसे कि मकान कच्चा या पक्का है, कितनी मंजिलें हैं, क्षेत्रफल और छत पर टॉवर की स्थिति। इसके बाद प्रत्येक प्रॉपर्टी पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा।