अलीगढ़। भारत विकास परिषद वैभव शाखा अलीगढ़ ने संस्कृति माह के अंतर्गत चिरंजीलाल कन्या विद्यालय आगरा रोड पर एनीमिया (हीमोग्लोबिन) जांच शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण से हुई। मंचासीन अतिथियों और कालेज प्रधानाचार्या का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। शिविर में 122 छात्राओं और अध्यापिकाओं की हीमोग्लोबिन की जांच की गई। प्रांतीय प्रभारी प्रगति तायल ने छात्राओं को एनीमिया के प्रकार, कारण और खान-पान से इसे सुधारने के तरीकों के बारे में जानकारी दी। प्रांतीय अध्यक्ष संजीव वार्ष्णेय ने स्वास्थ्य और सात सुखों के महत्व पर चर्चा करते हुए छात्राओं से स्वस्थ और शुद्ध आहार लेने का आग्रह किया। प्रधानाचार्या मधु वार्ष्णेय ने भी छात्राओं को एनीमिया के प्रति जागरूक किया और स्वास्थ्य विभाग तथा संस्कार शाखा का धन्यवाद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने की, जबकि संचालन शाखा सचिव अजय राठी ने किया। इस अवसर पर सुनील मित्तल,अमित वार्ष्णेय और नीतू वार्ष्णेय ने भी सक्रिय सहभागिता प्रदान की।