अलीगढ़। रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में 17 माध्यमिक विद्यालयों के 137 छात्र-छात्राओं ने संगीत, गायन, वादन, नृत्य, चित्रकला और मूर्तिकला सहित 10 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में वंदना शर्मा, स्मृति कौशिक, हेमलता अग्रवाल, चंद्रीका अग्रवाल और चंद्रभूषण शर्मा शामिल थे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। संगीत गायन एकल में नेहश्री, संगीत वादन एकल में करन कुमार, नृत्य एकल में महक गुप्ता, द्विआयामी चित्रकला एकल में गोल्डी सोनी और त्रिआयामी मूर्तिकला एकल में रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संगीत और नृत्य समूह में श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, नाटक समूह में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, त्रिआयामी मूर्तिकला-खेल खिलौना समूह में रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज और कहानी वाचन समूह में केएमवी इंटर कॉलेज अतरौली ने पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का मंच संचालन रेखा ने किया। कार्यक्रम में सहायक वित्त एवं लेखा अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार, कॉलेज स्टाफ, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।