अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर विश्वविद्यालय का 19वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी का मन मोह लिया। समारोह में कर्मचारियों के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया और पांच से पंद्रह वर्ष तक सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुसंधान और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को विश्वविद्यालय के स्वर्णिम भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित रील प्रतियोगिता में चयनित पुरस्कार प्राप्त वीडियो रील्स की स्क्रीनिंग और पुरस्कार वितरण भी किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कौशिक और दीपशिखा शर्मा ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान अमन सिंह और प्रांशु पाठक के नाम रहा, जबकि तृतीय स्थान हर्षिता और सत्यम ने प्राप्त किया।