महानगर के खिरनी गेट स्थित श्री लख्मीचंद पांड्या खंडेलवाल दिगम्बर जैन ट्रस्ट परिसर में जैन समाज का क्षमावाणी मिलन समारोह भव्य रूप से आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में फैंसीड्रेस प्रतियोगिता, धार्मिक, सांस्कृतिक व हास्यप्रद कार्यक्रम समाज के महिला, पुरुष और बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने फैंसीड्रेस प्रतियोगिता में अत्यंत मनमोहक किरदार प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही लक्ष्य, सम्यक, केतन, मनीषा, खुशी, प्रिंशी एवं अन्य बच्चियों ने भगवान पार्श्वनाथ पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से उनके चरित्र का सुंदर वर्णन प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में शामिल प्रमुख सदस्य मोनिका जैन (प्रधानाचार्य सेठ एमआर जयपुरिया, प्रियंका जैन (प्रधानाचार्य उदय सिंह जैन इंटर कॉलेज) एवं प्रियंका चौरसिया (प्रधानाचार्य रतनप्रेम डीएवी कन्या इंटर कॉलेज) ने सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए यह स्वीकार किया कि निर्णय देना अत्यंत कठिन था, क्योंकि सभी प्रस्तुतियां उत्तम थीं। कार्यक्रम के मुख्य अंश के रूप में वर्धमान अलीगढ़ नगर के अध्यक्ष मोहित जैन, मंत्री मयंक जैन, कोषाध्यक्ष नितिन जैन, संयोजक प्रशांत जैन व अन्य पदाधिकारियों ने राजीव जैन एवं मुनेश जैन को उनके समाज सेवा और धार्मिक कार्यों में किए गए अद्वितीय योगदान के लिए क्रमश जैन रत्न व जैन गौरव की उपाधि से अलंकृत किया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार जैन, मंत्री हेमंत जैन, कोषाध्यक्ष मिलन जैन, प्रद्युम्न कुमार जैन, विजय कुमार जैन, नरेंद्र कुमार जैन, कैलाश चंद्र जैन, ओम प्रकाश जैन, संजय जैन, अंबुज जैन, सुरेश कुमार जैन गढ़ी, नरेश कुमार जैन, नीरज जैन समेत भारी संख्या में समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।