खादी ग्रामोद्योग द्वारा आयोजित समारोह में एमएलसी एवं जिलाध्यक्ष चौ. ऋषिपाल सिंह द्वारा 16 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क इलैक्ट्रिक चाक का वितरण किया गया। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रजापति समुदाय सभी प्रकार की बुराईयों से अपने से दूर रखते हुए समाज में स्वच्छ छवि बनाए हुए है। प्रदेश सरकार द्वारा पारम्परिक कला को जीवंत रखने एवं समाज को आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की मिट्टी से हमारी भावनाएं जुड़ने के साथ ही मिट्टी के बर्तनों में खाना बनाना और खाना सेहतमंद होता है। आधुनिक युग में मिट्टी के बर्तनों का स्थान प्लास्टिक के बर्तनों ने ले लिया है, प्लास्टिक सुविधाजनक तो है परन्तु सेहत पर गंभीर दुष्प्रभाव छोड़ती है। उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी महेन्द्र प्रताप ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पारम्परिक कलाओं को बनाए रखने एवं परम्परागत कारीगरों के जीवन स्तर में सुधार करने के लिए बिजली से चलने वाले चाक निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इससे प्रजापति समाज के लोग आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं और भारतीय पारम्परिक कला को भी बढ़ावा मिल रहा है।